एक और पर्यटन स्थल को जानें!
एक और पर्यटन स्थल को जानें!
भारत की विविधता केवल उसकी संस्कृति, भाषा और परंपराओं में ही नहीं, बल्कि उसके अद्भुत पर्यटन स्थलों में भी झलकती है। कुछ स्थान ऐसे होते हैं जो केवल घूमने के लिए नहीं, बल्कि जीवन को नए दृष्टिकोण से देखने के लिए भी प्रेरित करते हैं। ऐसा ही एक पर्यटन स्थल है—गोवा। समुद्र की अनंत लहरों, सुनहरी रेत, रोमांचक गतिविधियों, ऐतिहासिक धरोहरों और उन्मुक्त जीवनशैली के कारण गोवा देश-विदेश के पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है।
यदि आप भी उस धरती को जानना चाहते हैं जहाँ प्रकृति और आधुनिकता एक-दूसरे का हाथ थामे चलती दिखाई देती हैं, जहाँ हर उम्र का व्यक्ति अपनी पसंद का आनंद खोज सकता है, तो आइए भारत के इस अत्यंत लोकप्रिय पर्यटन स्थल की सैर पर चलते हैं।
गोवा
गोवा... एक ऐसा पर्यटन स्थल, जिसका नाम सुनते ही कैसीनो, पार्टी, बार, डिस्को, वाटर स्पोर्ट्स और समुद्र तटों की मनमोहक छवियाँ मन में उभरने लगती हैं। गोवा का नाम आते ही दूर-दूर तक फैला समुद्र का किनारा, उन्मुक्त जीवनशैली, थिरकते कदम और काजू से बनी लाजवाब फेनी याद आ जाती है।
गोवा अपने प्रसिद्ध बीचों, सुंदर समुद्री तटों और उठती-गिरती लहरों के लिए विश्वभर में लोकप्रिय है। धूप, रेत और सर्फिंग की इस धरती पर अपनी मर्जी से मस्ती करना हर पीढ़ी के लोगों को आकर्षित करता है। यहाँ के समुद्र तट सफेद रेत और स्वच्छ जल के लिए विशेष रूप से पसंद किए जाते हैं। नारियल के लंबे-लंबे वृक्ष गोवा की पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं।
गोवा आश्चर्यों से भरा हुआ है। यहाँ आने के बाद मन को एक अलग ही शांति का अनुभव होता है। चाहे दिन हो या रात, दोनों के अपने अलग आनंद हैं। दिन में लहरों को निहारने का सुख है, तो रात में समुद्र की लहरों की मधुर ध्वनि को सुनने का अपना अलग ही आनंद है।
गोवा में शोर और एकांत दोनों का अनुभव एक साथ किया जा सकता है। समुद्र तटों पर जीवन की चहल-पहल है, तो थोड़ी दूर रेत पर बैठते ही एक अद्भुत सुकून महसूस होता है। भारत में गोवा जैसा दूसरा कोई स्थान नहीं है। यहाँ पहुँचकर व्यक्ति स्वयं को बेफिक्र महसूस करता है, क्योंकि हर कोई अपने जीवन का आनंद लेने में मग्न रहता है। न समाज का डर, न किसी प्रकार का दिखावा और न ही अनावश्यक रोक-टोक। यहाँ मन समुद्र की लहरों की तरह मुक्त होकर हल्का हो जाता है।
कम खर्च में भी गोवा का भरपूर आनंद लिया जा सकता है। यहाँ पहुँचने के लिए ट्रेन, विमान या कार—किसी भी साधन का उपयोग किया जा सकता है। गोवा में घूमने के लिए टैक्सी और बाइक किराये पर आसानी से मिल जाती हैं। विशेष रूप से युवा वर्ग बाइक राइडिंग का खूब आनंद लेता है।
यहाँ अमीरों के लिए विलासिता के अनेक विकल्प हैं, तो मध्यमवर्गीय पर्यटकों के लिए भी किफायती मनोरंजन की कोई कमी नहीं। युवा पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नॉर्थ गोवा ही पर्याप्त है। नॉर्थ गोवा अपनी पार्टी संस्कृति और लेट-नाइट लाइफ के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ का कैसीनो नॉर्थ और साउथ गोवा आने वाले पर्यटकों को एक साझा अनुभव से जोड़ देता है। हर व्यक्ति अपनी सामर्थ्य के अनुसार कैसीनो का रोमांच अनुभव करना चाहता है।
यद्यपि गोवा के सभी बीच अपनी-अपनी विशेषताओं के कारण आकर्षक हैं, फिर भी कुछ प्रमुख समुद्र तट विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं—
मोरजिम बीच में समुद्र तट पर बनी छोटी-छोटी लकड़ी और बाँस की झोपड़ियों में ठहरने का अनूठा आनंद लिया जा सकता है।
बागा बीच अपने शांत वातावरण, आकर्षक कैफे, सुनहरी रेत, स्वादिष्ट भोजन और जीवंत नाइटलाइफ के लिए प्रसिद्ध है।
कलंगुट बीच नॉर्थ गोवा का सबसे बड़ा समुद्र तट है, जो अपनी सुनहरी झिलमिलाती रेत के लिए जाना जाता है।
सिंक्वेरिम बीच सफेद रेत और बीच पार्टियों के लिए पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है।
वागातोर बीच शांत, सुंदर और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर समुद्र तट है।
कोलवा बीच साउथ गोवा का एक आकर्षक समुद्र तट है, जहाँ रंग-बिरंगी मछली पकड़ने वाली नावें, सनबाथ का आनंद लेते पर्यटक और पैरासेलिंग जैसी गतिविधियाँ देखने को मिलती हैं।
चपोरा बीच अपने स्वादिष्ट भोजन, वाटर स्पोर्ट्स और ऐतिहासिक महत्व के कारण प्रसिद्ध है। इसी क्षेत्र में स्थित चपोरा किले पर प्रसिद्ध हिंदी फिल्म *दिल चाहता है* की शूटिंग हुई थी।
मोबोर बीच साउथ गोवा का एक आकर्षक हैंगआउट स्थल है। इसके आसपास कई ऐसे शांत और कम चर्चित समुद्र तट हैं, जिनकी खोज पर्यटकों को बार-बार यहाँ खींच लाती है।
अरोसिम बीच सुनहरी रेत, साफ नीले पानी और हरियाली से भरपूर वातावरण के कारण विशेष आकर्षण रखता है।
पालोलेम बीच हनीमून मनाने वाले युगलों और नाइटलाइफ प्रेमियों की पसंदीदा जगह है। यहाँ की सुंदर झोपड़ियाँ इसकी विशेष पहचान हैं।
कोला बीच गोवा के शांत और अपेक्षाकृत दूरस्थ समुद्र तटों में से एक है। शहर की भागदौड़ से दूर यह स्थान मन को गहरा सुकून प्रदान करता है।
अरामबोल बीच बजट यात्रियों के लिए अत्यंत उपयुक्त माना जाता है।
बटरफ्लाई बीच अपने नाम के अनुरूप तितली जैसी आकृति वाला समुद्र तट है। यहाँ विभिन्न प्रकार की तितलियाँ, मनोहारी सूर्यास्त और डॉल्फ़िन देखने का अद्भुत अनुभव मिलता है।
गोवा में अनेक जलप्रपात भी हैं, जिनमें दूधसागर जलप्रपात अपनी दूधिया जलधारा के लिए विशेष रूप से प्रसिद्ध है।
गोवा में दिन-रात हर प्रकार का भोजन उपलब्ध रहता है। यहाँ की प्रसिद्ध फेनी, जो काजू से बनाई जाती है, स्थानीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पर्यटकों के लिए गोवा भारत के सबसे सुरक्षित और लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है। विशेष रूप से दिसंबर माह में यहाँ का उत्साह और रौनक अपने चरम पर होती है।
यदि आप गोवा की यात्रा पर जा रहे हैं, तो अपनी पैकिंग में सनस्क्रीन, धूप का चश्मा, बड़ा स्ट्रॉ हैट और एक स्कार्फ अवश्य रखें। समुद्री नमी के कारण बालों और त्वचा की अतिरिक्त देखभाल आवश्यक होती है।
गोवा में रहते हुए कई बार ऐसा अनुभव होता है मानो आप किसी विदेशी भूमि पर हों। आधुनिकता और प्राकृतिक सौंदर्य का ऐसा सुंदर संगम बहुत कम स्थानों पर देखने को मिलता है। यही कारण है कि चाहे आप गोवा कितनी भी बार घूम आएँ, हर बार यह एक नए रूप में दिखाई देता है। हर यात्रा के बाद लगता है कि अभी बहुत कुछ देखना और महसूस करना बाकी है।
सागर की लहरों की तरह पर्यटक आते हैं और लौट जाते हैं, लेकिन पीछे छोड़ जाते हैं सुनहरी रेत पर अंकित अपनी स्मृतियाँ। और साथ ले जाते हैं गोवा की वे अनमोल यादें, जो जीवन भर मन के किसी कोने में लहरों की तरह गूँजती रहती हैं।
सृजन
विजया डालमिया
राष्ट्रीय संयोजिका
उलझन सुलझन, महिला लेखिका प्रकोष्ठ
हैदराबाद
Comments
Post a Comment